पुलिस मंथन में सीएम योगी का सख्त संदेश, धर्मांतरण और अपराध पर जीरो टॉलरेंस

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस मंथन कार्यक्रम के दौरान अवैध धर्मांतरण, आतंकी गतिविधियों और संगठित अपराध के खिलाफ कड़ा रुख अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अंतरराष्ट्रीय अनुदान से संचालित धर्मांतरण रैकेट को जड़ से खत्म करने के लिए पुलिस को जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम करना होगा। ऐसे गिरोहों को पूरी तरह नेस्तनाबूद करना सरकार की प्राथमिकता है।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक से कसेगा शिकंजा
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि अवैध धर्मांतरण रोकने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, वित्तीय ट्रेल की निगरानी, तकनीकी विश्लेषण और आधुनिक संसाधनों का प्रभावी उपयोग और मजबूत किया जाए। उन्होंने कहा कि तकनीक के सही इस्तेमाल से गिरोहों की फंडिंग, नेटवर्क और अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन का खुलासा संभव है।
सीमावर्ती इलाकों पर विशेष निगरानी के निर्देश
सीएम योगी ने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नेपाल से लगी अंतरराष्ट्रीय सीमाओं से उत्पन्न हो रही आतंकी गतिविधियों के नए स्वरूपों पर गहन विश्लेषण करने पर जोर दिया। उन्होंने सीमा क्षेत्रों में सर्विलांस सिस्टम को और अधिक सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए।
पुलिस मंथन के समापन पर पदक अलंकरण समारोह
मुख्यमंत्री पुलिस मुख्यालय में आयोजित पुलिस मंथन के समापन अवसर पर पदक अलंकरण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने बीते तीन वर्षों में मुख्यमंत्री पुलिस पदक प्राप्त करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया। साथ ही साइबर अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एक अलग साइबर मुख्यालय स्थापित करने के भी निर्देश दिए।
सोशल मीडिया और साइबर अपराध पर सख्ती
सीएम योगी ने सोशल मीडिया के दुरुपयोग, दुष्प्रचार, डार्कवेब, साइबर अपराध और आतंकी नेटवर्क जैसी चुनौतियों से सख्ती से निपटने को कहा। उन्होंने निर्देश दिया कि धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने वाले किसी भी पोस्ट पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाए। जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांटने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाए।
अराजक तत्वों और फर्जी संगठनों पर कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के लोग महापुरुषों के नाम का गलत इस्तेमाल कर नए-नए संगठन बनाकर माहौल खराब करने का प्रयास करते हैं। ऐसे लोगों की पृष्ठभूमि की गहन जांच कर उनके नेटवर्क को ध्वस्त किया जाए। उन्होंने हर कार्रवाई कानून के दायरे में रहकर करने की भी सख्त हिदायत दी।
नशा तस्करी और संगठित अपराध पर कड़ा प्रहार
सीएम योगी ने आतंकवाद के साथ-साथ नशीले पदार्थों की तस्करी में लिप्त गिरोहों के खिलाफ की गई कार्रवाई की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन गिरोहों पर और अधिक सख्त कार्रवाई की जरूरत है। विभागीय समन्वय और सुरक्षा एजेंसियों के बीच सूचनाओं के आदान-प्रदान से अपराधियों के नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ा जाए।
गो-तस्करी और धर्मांतरण गिरोह पर निर्णायक कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि गो-तस्करी के मामलों में केवल आरोपियों की गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि गिरोह के सरगनाओं पर सख्त कार्रवाई जरूरी है। उन्होंने आगरा पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार की सराहना करते हुए कहा कि आगरा पुलिस ने धर्मांतरण गिरोह का प्रभावी तरीके से खात्मा किया है। बलरामपुर और आगरा में बड़े धर्मांतरण गिरोह के खुलासे का उल्लेख करते हुए सीएम ने कहा कि इसमें शामिल अपराधियों को पूरी तरह समाप्त किया जाना चाहिए।



