
फरीदाबाद में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का 9 जनवरी को जिला दौरा प्रस्तावित है। इस दौरान मुख्यमंत्री सूरजकुंड स्थित होटल राजहंस में आयोजित एक दिवसीय प्री-बजट मंथन कार्यक्रम में भाग लेंगे। कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
उपायुक्त ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा
कार्यक्रम की तैयारियों के मद्देनज़र उपायुक्त आयुष सिन्हा ने होटल राजहंस, सूरजकुंड में व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। उन्होंने कार्यक्रम को सुचारु एवं व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उद्योग और हेल्थ सेक्टर से होगा सीधा संवाद
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री की उपस्थिति में आयोजित इस प्री-बजट मंथन के प्रथम सत्र में उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों के साथ संवाद किया जाएगा। वहीं दूसरे सत्र में हेल्थ केयर सेक्टर से जुड़े प्रतिष्ठित विशेषज्ञों और उद्यमियों के साथ विचार-विमर्श होगा। इन चर्चाओं के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों से सुझाव लेकर आगामी राज्य बजट को अधिक प्रभावी और जनहितैषी बनाने पर मंथन किया जाएगा।
व्यवस्थाओं और समन्वय पर विशेष जोर
डीसी आयुष सिन्हा ने मंच व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं चिकित्सा सुविधाओं को समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यक्रम की मिनट-टू-मिनट योजना, सुरक्षा व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स और विभागों के बीच बेहतर समन्वय को प्राथमिकता देने पर बल दिया।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था के निर्देश
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी तैयारियां निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। सुरक्षा को लेकर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सुचारु यातायात व्यवस्था तथा आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
प्रशासनिक अधिकारी रहे उपस्थित
निरीक्षण के दौरान एडीसी सतबीर मान, जिला परिषद की सीईओ शिखा, एसडीएम बड़खल त्रिलोक चंद, एसडीएम बल्लभगढ़ मयंक भारद्वाज, सीटीएम अंकित कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।



