उत्तर प्रदेशराज्य

होली से पहले करीब 76 हजार घरों की बत्ती गुल, नई बिजली दरों पर 9 मार्च को सुनवाई

लखनऊ। नेगेटिव बैलेंस के बावजूद बिल न जमा करने वाले 76,785 स्मार्ट प्रीपेड मीटर शनिवार को ऑटोमेटिक सिस्टम के तहत डिस्कनेक्ट कर दिए गए। होली से पहले अचानक बिजली गुल होने पर कई शहरों में उपभोक्ताओं ने हंगामा किया।

रिचार्ज कराने के बाद भी घंटों बिजली आपूर्ति बहाल न होने पर उपभोक्ता देर रात तक इधर-उधर भटकते रहे। उपभोक्ताओं ने कहा कि टोल फ्री नंबर से भी उन्हें कोई मदद नहीं मिल पा रही है। उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उपभोक्ता परिषद ने इस पर सवाल उठाते हुए राज्य सरकार से पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है।

नए के साथ पुराने बिजली कनेक्शन पर लगाए गए स्मार्ट मीटर के भी प्रीपेड मोड पर किए जाने के बाद बड़ी संख्या में उपभोक्ताओं को बिल के बारे में सही जानकारी नहीं हो पा रही है। ऐसे में नेगेटिव बैलेंस होने के बावजूद उपभोक्ताओं द्वारा बिनहीं जमा किया जा रहा है।

बिजली के बिल का बढ़ता बकाया देखते हुए पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने शनिवार को दोपहर एक से तीन बजे के दरमियान बड़े उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्ट करने के निर्देश सभी विद्युत वितरण कंपनियों (डिस्कॉम) को दिए। कॉरपोरेशन के स्मार्ट मीटर सेल के अधीक्षण अभियंता कार्यालय से मिले निर्देश पर सभी डिस्काम के 76,785 स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्ट कर दिए गए।

इस पर बड़ी संख्या में बकाएदारों द्वारा स्मार्ट एप से रिचार्ज कराए जाने के बाद भी घंटों ऑटो रीकनेक्ट न होने पर उपभोक्ताओं ने कार्यालय पहुंच कर हंगामा किया। टोल फ्री नंबर-1912 से भी राहत न मिलने पर उपभोक्ता देर रात तक परेशान रहे।

सूत्रों के अनुसार उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए प्रबंधन ने फिलहाल होली तक सभी के कनेक्शन जोड़ने के मौखिक निर्देश दे दिए हैं। प्रबंधन का कहना है कि होली के बाद नेगेटिव बैलेंस वाले बड़े उपभोक्ताओं द्वारा बकाया जमा न करने पर कनेक्शन काट दिए जाएंगे।

उपभोक्ता परिषद के अध्यक्ष अवधेश वर्मा ने अचानक 76,785 बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिनका पॉजिटिव बैलेंस था उनकी बिजली भी काटने की शिकायत आ रही है। इनमें गाजियाबाद, नोएडा, मेरठ के अलावा पूर्वांचल के कई शहरों के भी उपभोक्ता हैं।

वर्मा ने कहा कि होली के पहले इस तरह की कार्यवाही की सरकार जांच कराए। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेशन प्रबंधन पहले अपना सिस्टम सही करे क्योंकि अभी भी बड़े पैमाने पर उपभोक्ताओं द्वारा जब प्रीपेड मीटर रिचार्ज कराया जाता है तब उन्हें अपडेट नहीं मिलता।

उपभोक्ताओं की ऐसी शिकायतें भी हैं कि पॉजिटिव बैलेंस के बाद भी नेगेटिव दिखाई देता है। विदित हो कि पूर्व में जन्माष्टमी पर भी लाखों बिजली उपभोक्ताओं के कनेक्शन अचानक कट गए थे। इसके बाद प्रदेश में स्मार्ट प्रीपेड मीटर योजना का काम रुक गया था।

नेगेटिव बैलेंस पर इनके कटेंगे कनेक्शन

पावर कॉरपोरेशन प्रबंधन ने नेगेटिव बैलेंस पर जिन स्मार्ट प्रीपेड मीटर उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटने के निर्देश दिए हैं उनमें पांच किलोवाट से ज्यादा लोड के घरेलू, दो किलोवाट से ऊपर के लोड के कामर्शियल (व्यावसायिक) कनेक्शन के अलावा निजी संस्थान (स्कूल, अस्पताल व सरकारी कार्यालय आदि), औद्योगिक कनेक्शन (छोटे और मध्यम उद्योग), अस्थायी कनेक्शन (शादियों, त्योहारों, प्रदर्शनियों या निर्माण के लिए) तथा इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग के लिए कराए गए कनेक्शन शामिल हैं।

प्रबंधन का स्पष्ट तौर पर कहना है कि बकाया न जमा करने पर होली के बाद संबंधित बकाएदार उपभोक्ताओं के स्मार्ट मीटर डिस्कनेक्ट कर दिए जाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button