उत्तर प्रदेशराज्य

YEIDA विकसित करेगा 8000 हेक्टेयर का नया औद्योगिक गलियारा, जेवर एयरपोर्ट से अलीगढ़ तक होगा सीधा कनेक्शन

उत्तर प्रदेश के जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास करीब 8 हजार हेक्टेयर में नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित करने की तैयारी है। इसमें उद्योग, आवास, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इसके मास्टर प्लान के लिए कंपनी के चयन की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि यमुना सिटी के अधिसूचित क्षेत्र में करीब 4750 हेक्टेयर में नोएडा एयरपोर्ट विकसित होगा। इससे आगे टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर विकसित होना है। यहां पर लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना है। टप्पल में जमीन का सर्वे हो चुका है। अब अलीगढ़ प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन नोड के बीच में करीब 8 हजार हेक्टेयर अधिसूचित क्षेत्र है। इस क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा अलीगढ़ जिले में है। यहां नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

यह क्षेत्र नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक है और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है। ऐसे में यहां पर औद्योगिक के साथ आवासीय, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां भी विकसित करने की योजना पर काम किया जा रहा है। अधिकारियों की मानें तो एयरपोर्ट नजदीक होने के चलते यहां तेजी से होटल बन सकेंगे। इस कॉरिडोर की प्लानिंग बनाने के लिए एक्सपर्ट एजेंसी का चयन किया जाएगा। जल्द ही इसके लिए आरएफपी निकाली जाएगी।

कंपनियां निवेश के लिए तैयार

नोएडा एयरपोर्ट आने के बाद क्षेत्र में तेजी से औद्योगिक भूखंडों की मांग बढ़ी है। इस मांग को पूरा करने के लिए इस कॉरिडोर को विकसित किया जाएगा, ताकि यहां आने वाली कंपनियों को जमीन दी जा सके। एयरपोर्ट के चलते यहां पर देसी-विदेशी कंपनियां निवेश करने के लिए तैयार हैं। इसको देखते हुए यीडा ने यह योजना बनाई है। यह एरिया एयरपोर्ट के पास होने के साथ-साथ यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है, जो इसे बेहतर कनेक्टिविटी देगा।

130 मीटर चौड़ी सड़क का विस्तार होगा

ग्रेटर नोएडा की 130 मीटर चौड़ी सड़क को नोएडा एयरपोर्ट तक विकसित किया जाना है। इससे आगे इसे प्रस्तावित पलवल-खुर्जा मार्ग से भी जोड़ा जाएगा। इस सड़क को और आगे बढ़ाकर औद्योगिक कॉरिडोर तक ले जाया जाएगा। इसके अलावा यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे 60 मीटर चौड़ी रोड सबौता तक प्रस्तावित है। इस रोड को भी इस कॉरिडोर तक ले जाने के लिए सुझाव मांगे जाएंगे। इन दोनों सड़कों के बनने से कॉरिडोर की कनेक्टिविटी और बेहतर हो जाएगी।

आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ”यमुना सिटी में नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के आगे और टप्पल-बाजना के बीच यह कॉरिडोर विकसित होगा। इसका मास्टर प्लान तैयार करने के लिए कंपनी का चयन करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। इससे क्षेत्र में निवेश और बढ़ेगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button