“हरियाणा में ठंड और बारिश की चेतावनी, 1 फरवरी से कई जिलों में मध्यम वर्षा”

चंडीगढ़: हरियाणा में कड़ाके की ठंड और धुंध का कहर जारी है. अंबाला समेत कई जिलों में सुबह घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी प्रभावित हुई. जिसके चलते वाहनों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगी है. हालांकि दिनभर मौसम साफ रहने के आसार हैं. वहीं, देर रात फिर मौसम करवट बदलेगा. जिसके चलते रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह और पलवल जिलों में बूंदाबांदी होने की संभावना है.
कल होगी बारिश: वहीं, राज्य के ज्यादातर इलाकों में कल गरज-चमक के साथ बारिश के आसार हैं. बिजली गिरने की भी संभावना है. इसके अलावा, हवाओं की रफ्तार भई 30-40/किमी से चलेगी. खेतों में खड़ी फसल पर इसका सीधा असर पड़ सकता है. मौसम विभाग ने किसानों और पशुपालकों को सतर्क रहने की सलाह दी है.
इन जिलों में बारिश की चेतावनी: मौसम विभाग के मुताबिक कल यानी 1 फरवरी से कई स्थानों पर मध्यम बारिश के आसार हैं. पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, करनाल, सोनीपत, पानीपत, रोहतक, झज्जर, गुरुग्राम, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, नूंह, पलवल और फरीदाबाद में बारिश की संभावना है. जबकि अन्य जिलों में बूंदाबांदी के आसार है.
किसानों-पशुपालकों को सलाह: मौसम के बदलते मिजाज को देखते हुए किसानों को सलाह दी गई है कि गेहूं और सरसों की फसलों में अगले 2-3 दिनों तक सिंचाई न करें. गन्ने की अगेती फसल की कटाई शुरू करने की भी सलाह है. वहीं, पशुपालकों के लिए भी सलाह दी गई है, कि पशुओं को खुले में न बांधे. आसमानी बिजली गिरने की संभावना है, जिसके चलते नुकसान हो सकता है. इसलिए सतर्क रहने की सलाह दी गई है.
फरीदाबाद में सबसे ज्यादा तापमान: राज्य में 30 जनवरी को न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई. राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 5.2 सेल्सियस दर्ज किया गया. वहीं, हिसार, करनाल, रोहतक और अंबाला में 7-9 डिग्री के बीच दर्ज किया गया. वहीं,, फरीदाबाद में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.



