उत्तर प्रदेशराज्य

‘ट्रिलियन डॉलर की बात करने वाले अब बिकवा रहे गोमूत्र’, रसूलाबाद में बीजेपी पर बरसे अखिलेश यादव

कानपुर देहात के रसूलाबाद विधानसभा क्षेत्र के पहाड़पुर गांव में शनिवार को तेरहवीं कार्यक्रम में पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने दस साल में कोई बड़ा विकास कार्य नहीं किया। अखिलेश ने कहा कि अब सरकार के जाने का वक्त आ गया है। सपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश सरकार गोमूत्र बिकवा रही है, लेकिन जनता अब सब समझ चुकी है। उन्होंने कहा कि झूठ के बल पर सरकार जनता को ज्यादा दिन तक गुमराह नहीं कर सकती। बच्चों ने लोकतंत्र में अपनी आवाज उठाई तो सरकार घबरा गई है।

अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा

सपा प्रमुख ने किसानों की समस्याओं का मुद्दा उठाते हुए कहा कि किसानों को डीएपी खाद नहीं मिल पा रही है। बटाईदार भी परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने जा रही है। उन्होंने अपनी सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सपा सरकार के दौरान एंबुलेंस सेवा, डायल-100 पुलिस सेवा और बच्चों को लैपटॉप वितरण जैसी योजनाएं शुरू की गई थीं। कन्या विद्या धन योजना के साथ जनेश्वर मिश्र और लोहिया गांव बनाकर विकास कार्य कराए गए थे। उन्होंने सवाल किया कि मौजूदा सरकार ने ऐसा क्या काम किया, जो जमीन पर नजर आ रहा हो।

सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में अंतर

अखिलेश ने स्वास्थ्य सेवाओं पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों को इलाज की जरूरत है। रसूलाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लिफ्ट लंबे समय से खराब पड़ी है। उन्होंने सरकार से स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति सुधारने की मांग की। सपा प्रमुख ने कहा कि जनता महंगाई, किसानों की समस्याओं और बुनियादी सुविधाओं की कमी से परेशान है। सरकार के दावों और जमीनी हकीकत में बड़ा अंतर है। उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता बदलाव का मन बना चुकी है।

रास्ते में सपा कार्यकर्ताओं से भी मिले

अखिलेश यादव शनिवार को बिल्हौर की ओर से पहाड़पुर पहुंचे थे। रास्ते में उन्होंने कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। कार्यक्रम में सपा जिलाध्यक्ष अरुण कुमार, पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया, सुरेश यादव समेत पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button