उत्तराखंडराज्य

तमक नाले में लापता हवलदार पंकज की तलाश तेज, धामी ने दिए अभियान में तेजी के निर्देश

देहरादून। चमोली जिले की नीति घाटी में भारी वर्षा के कारण उफान पर आए तमक नाले में लापता सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के हवलदार पंकज की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान में तेजी लाने के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।

हवलदार पंकज के परिजनों ने सोशल मीडिया के माध्यम से सरकार से मदद की गुहार लगाई थी। मुख्यमंत्री ने इसका स्वतः संज्ञान लेते हुए खोज एवं बचाव अभियान की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग किया जाए और अभियान में किसी तरह की ढिलाई न हो।

सरकार ने हर संभव मदद का दिया आश्वासन

सेना, बीआरओ, आईटीबीपी, पुलिस, जिला प्रशासन, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार संयुक्त रूप से खोज अभियान में जुटी हैं। हवलदार पंकज पिथौरागढ़ जिले के निवासी हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी ने उनके परिजनों से संवाद कर प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय भी परिवार के संपर्क में है और अभियान की प्रगति की लगातार जानकारी ले रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने दूरभाष पर हवलदार पंकज के परिजनों से वार्ता कर उनका हाल जाना।

उन्होंने कहा कि संकट की इस घड़ी में सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है। उन्होंने परिजनों को भरोसा दिलाया कि हवलदार पंकज की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और परिवार को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button