
देहरादून: रुद्रपुर और पिथौरागढ़ मेडिकल कॉलेज का संचालन इसी साल आगामी शैक्षिक सत्र से शुरू कर दिया जाएगा, जिसको देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने विभागीय स्तर से तैयारियां तेज कर दी है. इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर शासन ने राजकीय मेडीकल कॉलेज रूद्रपुर और पिथौरागढ़ के सुचारू संचालन के लिए जिला चिकित्सालय रूद्रपुर और पिथौरागढ के जिला चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय को चिकित्सा शिक्षा विभाग को सौंपने के आदेश भी जारी कर दिए हैं.
स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे की ओर से जारी किए गए आदेश के अनुसार पंडित रामसुमेर शुक्ल राजकीय मेडिकल कॉलेज रूद्रपुर के संचालन के लिए जवाहरलाल नेहरू जिला चिकित्सालय रूद्रपुर और राजकीय मेडिकल कॉलेज पिथौरागढ के संचालन के लिए बीडी पाण्डेय जिला चिकित्सालय पिथौरागढ एवं महिला चिकित्सालय पिथौरागढ को चिकित्सा शिक्षा विभाग उत्तराखंड को ट्रांसफर करने के आदेश जारी कर दिए हैं.
बता दें कि अभी तक ये सभी चिकित्सालय चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग की ओर से संचालित किया जा रहे थे. ऐसे में अब चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से इन चिकित्सालयों का संचालन किया जाएगा. शासन की ओर से जारी आदेश के अनुसार अस्पतालों के ट्रांसफर के बाद इन चिकित्सालयों का प्रशासनिक एवं वित्तीय नियंत्रण संबंधित मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य/निदेशक के अधीन होगा.
इस चिकित्सालय में एमसीआई के मानकों के अनुसार अवशेष वांछित उपकरणों और औषधियों की व्यवस्था चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से की जायेगी. इन चिकित्सालयों में काम कर रहे स्टाफ के वेतन का भुगतान एक साल की अवधि के लिए वर्तमान व्यवस्था के तहत चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग की ओर से किया जायेगा. एक साल के बाद इन चिकित्सा इकाईयों का विधिवत् संचालन पूरी तरह से चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से किया जायेगा.
दरअसल, रुद्रपुर और पिथौरागढ़ के जिला अस्पताल को चिकित्सा शिक्षा विभाग को ट्रांसफर करने के बाद इन अस्पतालों को मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय के रूप में विकसित किया जाएगा, जिससे न सिर्फ राजकीय मेडिकल कॉलेज रुद्रपुर और पिथौरागढ़ के मेडिकल छात्रों को ट्रेनिंग में आसानी होगी, बल्कि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ भी मिल सकेगा.


