उत्तर प्रदेशराज्य

उन्नाव गंगा एक्सप्रेसवे पर मौत का तांडव, तेज रफ्तार कार ट्रक से टकराई, चार दोस्तों की दर्दनाक मौत

उन्नाव जिले के आसीवन थाना क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया. नेवादा गांव के पास किलोमीटर संख्या 387.6 पर तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े एक ट्रक में पीछे से जा टकराई. हादसा इतना भयावह था कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार लोगों की मौत हो गई. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई है.

मौके पर 2 की मौत, अस्पताल में 2 ने तोड़ा दम

पुलिस के अनुसार, हादसा शुक्रवार दोपहर करीब 3:20 बजे हुआ. सूचना मिलते ही थाना आसीवन पुलिस और यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची. हादसे में कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों को तत्काल उपचार के लिए CHC बांगरमऊ और बाद में जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें भी मृत घोषित कर दिया. इस प्रकार हादसे में मरने वालों की संख्या चार हो गई.

प्रयागराज से मेरठ जा रहे थे कार सवार

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि टाटा पंच कार में सवार सभी लोग प्रयागराज से मेरठ की ओर जा रहे थे. इसी दौरान नेवादा गांव के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक में उनकी कार पीछे से जा घुसी. दुर्घटना की टक्कर इतनी तेज थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई.

2 मृतकों की हुई पहचान

पुलिस ने मृतकों में से दो की पहचान कर ली है. मृतकों के नाम उदय सिंह पुत्र राम सिंह पटेल (26) और अनुपम गुप्ता पुत्र अजय गुप्ता (32) निवासी जाफरपुर उर्फ बाबूगंज, प्रयागराज बताए गए हैं, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है.

ट्रक में खराबी आने के कारण खड़ा था वाहन

पुलिस के मुताबिक, ट्रक संख्या HR38 AB 0693 तकनीकी खराबी के कारण एक्सप्रेस-वे के किनारे खड़ा था. इसी दौरान पीछे से आ रही टाटा पंच कार अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई. जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है. शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. मुआवजा और अन्य विधिक कार्रवाई की जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button