“यूपी में निवेश को तैयार माएर्स्क ग्रुप, सीएम योगी से मुलाकात के बाद विस्तार के संकेत”

लखनऊ : उत्तर प्रदेश में निवेश की नई लहर दौड़ रही है. वैश्विक स्तर की प्रमुख लॉजिस्टिक्स और शिपिंग कंपनी एपी मोलर-माएर्स्क ग्रुप प्रदेश में अपने कारोबार का बड़ा विस्तार करने को तैयार है. कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर रीन पील पेडरसन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से सोमवार को लखनऊ में मुलाकात की और नए निवेश अवसरों पर विस्तृत चर्चा की.
माएर्स्क ग्रुप ने उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए अपनी पहली पसंद बताया. रीन पील पेडरसन ने कहा कि पिछले 20 साल से कंपनी उत्तर प्रदेश में निवेश कर रही है और अब नए अवसरों को लेकर काफी उत्साहित है. उन्होंने यूपी सरकार की निवेश अनुकूल नीतियों, कानून-व्यवस्था की मजबूत स्थिति और सुरक्षित माहौल की सराहना की.
पेडरसन ने कहा, यूपी सरकार की नीतियां और सुरक्षा का माहौल निवेश के लिए सबसे बेहतर है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कंपनी को हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया. उत्तर प्रदेश अब ग्लोबल हब बन रहा है और विदेशी कंपनियों के लिए पहली पसंद बन चुका है. सीएम ने माएर्स्क ग्रुप को राज्य में लॉजिस्टिक्स, पोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर, मैन्युफैक्चरिंग से संबंधित क्षेत्रों में विस्तार के लिए पूर्ण समर्थन देने की बात कही.
सीएम योगी ने जोर दिया कि प्रदेश में निवेश से युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खुलेंगे और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी. एपी मोलर-माएर्स्क, जो दुनिया की सबसे बड़ी शिपिंग कंपनियों में से एक है, भारत में पहले से सक्रिय है. कंपनी अब उत्तर प्रदेश में अपनी मौजूदगी बढ़ाकर लॉजिस्टिक्स चेन को मजबूत करना चाहती है. यह निवेश प्रदेश के युवाओं के लिए हजारों प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार सृजन करेगा.
सीएम ने कहा कि माएर्स्क जैसे बड़े ग्रुप का विस्तार यूपी को ग्लोबल सप्लाई चेन का महत्वपूर्ण केंद्र बना सकता है. सिंगापुर से लखनऊ तक यह निवेश की गूंज पहुंची है. मुख्यमंत्री योगी की अगुवाई में यूपी ने पिछले कुछ वर्षों में निवेश के मामले में अभूतपूर्व प्रगति की है. राज्य ने कई बड़े निवेशकों को आकर्षित किया है और अब विदेशी कंपनियां यूपी को प्राथमिकता दे रही हैं. यह मुलाकात यूपी की ‘उद्योग प्रथम, निवेश प्रथम’ नीति का जीता-जागता प्रमाण है.


