राज्यहरियाणा

खेती से कारोबार तक: गुरुग्राम में जल्द शुरू होगा एग्रीप्रेन्योरशिप इंस्टीट्यूट

चंडीगढ़। गुरुग्राम के दौलताबाद में चौधरी चरण सिंह हरियाण कृषि विश्वविद्यालय हिसार द्वारा स्थापित किया जा रहा बिजनेस मैनेजमेंट एंड एग्रीप्रेन्योरशिप इंस्टीट्यूट जल्द शुरू होगा। भवन निर्माण कार्य लगभग 95 प्रतिशत पूरा हो चुका है। इस संस्थान में 41 शिक्षक और 43 गैर-शिक्षक सहित कुल 84 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में शनिवार को आयोजित स्थायी वित्त समिति ‘सी’ की बैठक में संस्थान के आवश्यक बजटीय प्रविधानों को स्वीकृति प्रदान की गई। विद्यार्थियों और शिक्षकों की आवासीय आवश्यकताओं को देखते हुए 11 मंजिला रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स बनाया जाएगा।

इसके अलावा विद्यार्थियों के लिए हास्टल निर्माण को भी मंजूरी दी गई है। कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा और सिंचाई मंत्री चौधरी के साथ बैठक ले रहे मुख्यमंत्री ने कहा कि संस्थान के विद्यार्थियों को उद्योगों से प्रत्यक्ष जुड़ाव, इंटर्नशिप, कौशल विकास, अनुसंधान और प्लेसमेंट के बेहतर अवसर मिलेंगे।

कृषि स्नातकों को कृषि उत्पादों के मूल्य संवर्धन, ब्रांडिंग, प्रसंस्करण, निर्यात तथा एग्री-टेक आधारित व्यवसाय स्थापित करने के लिए आवश्यक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन भी मिलेगा। इससे कृषि को केवल परंपरागत खेती तक सीमित न रखकर युवाओं को एग्री-बिजनेस, स्टार्टअप और वैल्यू एडिशन के क्षेत्र में नए अवसर मिलेंगे तथा किसानों की आय बढ़ाने में भी संस्थान महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

संस्थान के माध्यम से युवाओं को बिजनेस मैनेजमेंट, कृषि उद्यमिता, नवाचार, स्टार्टअप, डिजिटल मार्केटिंग, एग्री-बिजनेस, सप्लाई चेन मैनेजमेंट और वित्तीय प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण एवं व्यावहारिक शिक्षा मिलेगी। इससे युवा रोजगार तलाशने के साथ-साथ रोजगार सृजित करने वाले उद्यमी भी बन सकेंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button