Breaking Newsउत्तर प्रदेशराज्य

नेपाल की बाढ़ में फंसे किसान नेता राकेश टिकैत! जारी किया वीडियो, बताया कैसी है स्थिति

नेपाल में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ के बीच भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत और उनके साथ गया प्रतिनिधिमंडल पोखरा में फंसा हुआ है। राकेश टिकैत ने वीडियो जारी कर स्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि वह और प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्य सुरक्षित हैं। भोटे कोशी नदी में आई बाढ़ के कारण राकेश टिकैत समेत प्रतिनिधिमंडल फंस गया है। टिकैत ने फोन पर बताया कि वह सुरक्षित स्थान पर हैं। उनके वीडियो के सामने आने के बाद मुजफ्फरनगर में भाकियू कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने राहत की सांस ली।

राकेश टिकैत ने वीडियो में बताया कि नेपाल में खराब मौसम और बाढ़ के कारण उनके सामने आवागमन की परेशानी खड़ी हुई है। उन्होंने बताया कि प्रतिनिधिमंडल के साथ तीन दिन पहले वह नेपाल पहुंचे थे। फिलहाल वह अपनी गाड़ी छोड़कर प्रतिनिधिमंडल के साथ पोखरा में सुरक्षित हैं। पोखरा में मौसम खराब है, लेकिन बाढ़ का इतना असर इस क्षेत्र में नहीं है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को किसी तरह सड़क मार्ग से काठमांडू पहुंचने का प्रयास करेंगे और वहां से हवाई जहाज से दिल्ली पहुंचेंगे।

पोखरा में ही छोड़नी पड़ेगी गाड़ी

राकेश टिकैत ने वीडियो में यह भी बताया कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए उनकी गाड़ी फिलहाल पोखरा में ही छोड़नी पड़ेगी। बाढ़ और खराब मौसम के कारण आगे का सड़क मार्ग प्रभावित है, इसलिए गाड़ी से काठमांडू तक जाना संभव नहीं हो पाएगा है। ऐसे में प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों के साथ वैकल्पिक व्यवस्था के जरिए काठमांडू पहुंचने की तैयारी की जा रही है।

गौरव टिकैत ने भी दी थी सुरक्षित होने की जानकारी

इससे पहले भाकियू युवा नेता गौरव टिकैत ने भी राकेश टिकैत के सुरक्षित होने की जानकारी दी। उन्होंने बताया था कि राकेश टिकैत प्रतिनिधिमंडल के साथ पोखरा में मौजूद हैं और सभी सदस्य सुरक्षित हैं। राकेश टिकैत के स्वयं वीडियो जारी कर स्थिति स्पष्ट करने से उनके समर्थकों की चिंता दूर हुई है। नेपाल के कई हिस्सों में भारी बारिश के कारण बाढ़ और जलभराव की स्थिति बनी हुई है। कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने से राकेश टिकैत और प्रतिनिधिमंडल को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अब सभी की नजर गुरुवार को उनके काठमांडू पहुंचने और वहां से दिल्ली वापसी पर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button