पंजाबराज्य

फतेहगढ़ साहिब में रेल सुविधाओं के विस्तार की मांग, डॉ. अमर सिंह ने रेल मंत्री से की मुलाकात

फतेहगढ़ साहिब। श्री फतेहगढ़ साहिब से लोकसभा सदस्य डॉ. अमर सिंह ने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं से जुड़े कई अहम मुद्दे उठाए। उन्होंने रायकोट रेल लाइन, दोराहा रेलवे ओवरब्रिज और विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाने की मांग रखी।

बैठक के दौरान डाॅ. अमर सिंह ने मुल्लांपुर–रायकोट–बरनाला के बीच प्रस्तावित 53 किलोमीटर लंबी नई रेलवे लाइन का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि रायकोट महत्वपूर्ण शहर होने के बावजूद अभी तक रेल संपर्क से वंचित है। उनके अनुसार वह वर्ष 2019 से इस परियोजना को लेकर लगातार केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के सामने मांग उठाते रहे हैं। संसद में भी वह इस मुद्दे को उठा चुके हैं।

दोराहा ओवरब्रिज में देरी का मुद्दा

डा. अमर सिंह ने दोराहा में रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी रेल मंत्री के सामने रखा। उन्होंने बताया कि परियोजना को मंजूरी मिले दो वर्ष से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन काम में अपेक्षित तेजी नहीं आई है।

उन्होंने कहा कि दोराहा रेलवे लाइन पर फाटक बंद होने के कारण अक्सर लंबा यातायात जाम लग जाता है। इससे स्थानीय लोगों के साथ-साथ राहगीरों को भी परेशानी झेलनी पड़ती है। उन्होंने ओवरब्रिज का काम जल्द शुरू कराने और इसे पूरा करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने की मांग की।

कई स्टेशनों पर बढ़ें रेलगाड़ियां

लोकसभा सदस्य ने क्षेत्र के विभिन्न रेलवे स्टेशनों पर रेलगाड़ियों की संख्या बढ़ाने की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोगों को रोजगार, शिक्षा, कारोबार और रोजमर्रा के काम के लिए अलग-अलग शहरों में आवागमन करना पड़ता है। ऐसे में मौजूदा रेल सेवाओं में बढ़ोतरी लोगों की महत्वपूर्ण जरूरत है।

डा. अमर सिंह ने कहा कि वह फतेहगढ़ साहिब लोकसभा क्षेत्र में रेल संपर्क और सुविधाओं को मजबूत करने के लिए इन मुद्दों को केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय के सामने लगातार उठाते रहेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि रेल मंत्रालय इन मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द जरूरी कदम उठाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button