
रोहतक: सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश (CJI) न्यायमूर्ति सूर्यकांत 16 फरवरी को रोहतक के दौरे पर रहेंगे. वे जिला बार एसोसिएशन रोहतक की ओर से आयोजित अभिनंदन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे. इस दौरे को लेकर अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों में उत्साह का माहौल है.
समारोह की तैयारियों का लिया जायजा: मुख्य न्यायाधीश के प्रस्तावित दौरे को ध्यान में रखते हुए शनिवार को जिला न्यायालय परिसर स्थित समारोह स्थल का निरीक्षण किया गया. इस दौरान जिला न्यायालय के वरिष्ठ न्यायिक अधिकारियों और बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.
न्यायिक अधिकारी और बार पदाधिकारी रहे मौजूद: दौरे में अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश रजनी यादव, संदीप कुमार दुग्गल, शैलेंद्र नरवाल और अनिल कौशिक शामिल रहे. इसके अलावा एसीजेएम मोहम्मद सागीर, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव डॉ. तरन्नुम खान तथा जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा भी उपस्थित रहे.
जनवरी में दिया गया था निमंत्रण: दरअसल, जनवरी माह के प्रथम सप्ताह में जिला बार एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने दिल्ली स्थित मुख्य न्यायाधीश के आवास पर उनसे भेंट कर रोहतक आने का निमंत्रण दिया था. इस अवसर पर सीजेआई सूर्यकांत ने रोहतक से जुड़े अपने भावनात्मक संबंधों को याद करते हुए शीघ्र दौरे का आश्वासन दिया था.
रोहतक से सीजेआई का गहरा नाता:जिला बार एसोसिएशन के प्रधान दीपक हुड्डा ने बताया कि न्यायमूर्ति सूर्यकांत ने वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय, रोहतक से कानून की पढ़ाई की. इसके बाद उन्होंने हिसार जिला न्यायालय से वकालत की शुरुआत की और आगे चलकर पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में प्रैक्टिस की.
न्यायिक सफर और गौरवशाली उपलब्धियां: दीपक हुड्डा के अनुसार वर्ष 2000 में सूर्यकांत हरियाणा के सबसे युवा महाधिवक्ता बने. वर्ष 2004 में वे पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के न्यायाधीश नियुक्त हुए और 2019 में सुप्रीम कोर्ट पहुंचे. 24 नवंबर 2025 को राष्ट्रपति द्वारा उन्हें देश का 53वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया.
बार एसोसिएशन करेगा भव्य स्वागत: इस बारे में दीपक हुड्डा ने कहा कि, “रोहतक बार एसोसिएशन 137 वर्ष पुरानी और ऐतिहासिक संस्था है. रोहतक को सीजेआई सूर्यकांत की कर्मभूमि माना जाता है, इसलिए उनके सम्मान में आयोजित अभिनंदन समारोह को भव्य और यादगार बनाया जाएगा.”



