राज्यउत्तराखंड

राज्यपाल गुरमीत सिंह ने गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व पर किया गुरुद्वारे में मत्था टेका

देहरादून: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (से नि) ने आज श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के प्रकाश पर्व के पावन अवसर पर पटेल नगर स्थित गुरुद्वारा श्री हरकिशन साहिब जी में मत्था टेककर देश-प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए अरदास की।

गुरु गोबिंद सिंह जी के आदर्शों पर प्रकाश

राज्यपाल ने कहा कि श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रेरणादायी जीवन, समर्पण और त्याग हमें सत्य, न्याय, समानता और मानवता की सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने बताया कि गुरु जी ने अपने आदर्शों और शिक्षाओं के माध्यम से पूरे विश्व को प्रेम, समानता और सेवा का संदेश दिया।

प्रकाश पर्व का महत्व

राज्यपाल ने कहा कि दशम गुरु श्री गुरु गोबिंद सिंह जी का प्रकाश पर्व आस्था, धर्म और मानव मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि गुरवाणी और श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी के पावन शब्द हमें जीवन में कर्म, प्रेम, सेवा, समर्पण और सतगुरु के प्रति पूर्ण निष्ठा का भाव सिखाते हैं। गुरु ग्रंथ साहिब का प्रथम शब्द ‘एक ओंकार’ सम्पूर्ण मानवता को एकता और समरसता का संदेश देता है।

सरबत दा भला और निस्वार्थ सेवा का संदेश

राज्यपाल ने कहा कि ‘सरबत दा भला’ और निस्वार्थ सेवा का जो संदेश हमें गुरुओं से मिला है, उसे पूरी निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ अपनाना और विश्वभर में फैलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button