विशेष समाधान कैंप में करोड़ों की वसूली, RDA को मिला 1.34 करोड़ का राजस्व

रायबरेली : रायबरेली विकास प्राधिकरण (RDA) में शुक्रवार को विशेष समाधान कैंप में एक करोड़ 34 लाख रुपये का शमन शुल्क लगाया गया. पच्चीस नक्शे भी पास किए गए. कैंप का प्रचार प्रसार नहीं होने से आम लोगों की संख्या कम रही. डीएम हर्षिता माथुर ने मानचित्र कैंप में करोड़ों का राजस्व वसलूने के साथ 18 बकायेदारों के खिलाफ आरसी भी जारी की है.
जिले में शहरी नियोजन और विकास को गति देने के लिए जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने एक अनूठी और प्रभावी पहल की है. RDA में मानचित्र निस्तारण के लिए विशेष कैंप में न केवल लंबित फाइलों का निपटारा हुआ, बल्कि सरकारी खजाने में भारी राजस्व भी जमा हुआ. डीएम की मौजूदगी में मानचित्र संबंधी 25 गंभीर समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया.
इससे विकास प्राधिकरण को एक ही दिन में 1 करोड़ 34 लाख रुपये का रिकॉर्ड राजस्व प्राप्त हुआ. डीएम हर्षिता माथुर ने स्पष्ट किया कि प्रशासन का उद्देश्य आम जनता को परेशान करना नहीं, बल्कि उन्हें नियम सम्मत निर्माण के लिए प्रेरित करना है. उन्होंने कहा कि सभी भवन स्वामी अपने आवासीय और कॉमर्शियल भवनों का मानचित्र समय पर पास कराएं. अवैध निर्माण के बजाय मानचित्र स्वीकृत कराकर निर्माण करना सुरक्षित और वैधानिक है.



