उत्तर प्रदेशराज्य

एक क्लिक पर मिलेगी यूपी के पर्यटन स्थलों की जानकारी, ईको टूरिज्म बोर्ड ने लॉन्च किया एप

यूपी में प्रकृति प्रेमियों और रोमांचक पर्यटन के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। प्रदेश के इको टूरिज्म स्थलों की संपूर्ण जानकारी, बुकिंग सुविधाएं और जरूरी मार्गदर्शन अब बस एक क्लिक पर उपलब्ध होंगे। योगी सरकार उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड द्वारा तैयार कराया गया ‘यूपी इको टूरिज्म’ मोबाइल ऐप प्रदेश के वन्य जीव अभ्यारण्यों, राष्ट्रीय उद्यानों, जंगल ट्रेल्स, झरनों और नदियों जैसे प्राकृतिक आकर्षणों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर समेटते हुए पर्यटकों को विशेष अनुभव प्रदान करता है।

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि ‘डिजिटल युग की मांगों के अनुरूप विकसित ‘यूपी इको टूरिज्म’ ऐप प्रदेश के पर्यटन क्षेत्र में एक नई क्रांति का सूत्रपात है। यह पहल प्रदेश को इको-फ्रेंडली, सतत और जिम्मेदार पर्यटन के नए दौर में भी अग्रसर करेगी।’ अभी ऐप में जरूरत के हिसाब से लगातार बदलाव भी किए जा रहे हैं।

ऐप में क्या है खास?

इस मोबाइल एप्लिकेशन के माध्यम से उपयोगकर्ता प्रदेश के इको टूरिज्म स्थलों की विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिनमें फोटो, वीडियो, मार्ग विवरण, आसपास के आकर्षण, गंतव्य तक पहुंच संबंधी जानकारी और यात्रा के लिए उपयुक्त समय आदि शामिल है। इसमें राष्ट्रीय उद्यान, वेटलैंड्स, नेचर ट्रेल्स, फॉरेस्ट सर्किट, ग्रामीण पर्यटन और नदी आधारित गतिविधियों को आसानी से ढूंढा जा सकता है। स्मार्ट सर्च और फिल्टर की मदद से गंतव्यों को जिला, गतिविधियों के प्रकार, बजट, दूरी, लोकप्रियता और रेटिंग के आधार पर ढूंढा जा सकता है।

जीपीएस सपोर्ट स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर

ऐप में स्वाइप आधारित नेविगेशन सुविधा दी गई है, जिससे उपयोगकर्ता पसंदीदा स्थल को सेव कर सकते हैं या अगले विकल्प को देख सकते हैं। जीपीएस सपोर्ट स्मार्ट मैप्स और नेविगेशन फीचर के जरिए इको टूरिज्म साइटों, ठहरने के विकल्प, गतिविधियों और नजदीकी आकर्षण देखे जा सकते हैं। टर्न-बाय-टर्न दिशा निर्देश, आसपास के स्थानों की जानकारी और ऑफलाइन मैप्स की सुविधा कम नेटवर्क वाले क्षेत्रों में भी उपयोगी रहती है।

एआई इटिनेररी प्लान की सुविधा

‘यूपी इको टूरिज्म’ ऐप कई मायनों में खास है। नवाचार का सुन्दर प्रयोग करते हुए उपयोगकर्ता को यात्रा कार्यक्रम (इटिनेररी) का विकल्प भी दिया गया है। ऐप का एआई इटिनेररी प्लानर उपलब्ध दिनों, समय, रुचियों और स्थान के आधार पर व्यक्तिगत यात्रा योजना तैयार करता है। उसे मैप्स व बुकिंग सिस्टम से जोड़ने की योजना है। इसी प्रकार कम्युनिटी और रिव्यू सेक्शन में यात्री अपने अनुभव साझा कर सकते हैं, फोटो और कहानियां भी अपलोड कर सकते हैं। सुरक्षा के लिए ऐप में एसओएस इमरजेंसी फीचर दिया गया है, जिसमें एक टैप अलर्ट, ऑटो लोकेशन शेयरिंग, आपातकालीन संपर्क निर्देशिका और ऑफलाइन एसएमएस सपोर्ट शामिल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button