राज्यहरियाणा

अमित शाह के ऐतिहासिक भाषण के बाद हरियाणा में कांग्रेस पर गरजे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी

चंडीगढ़। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने पंचकूला स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय पंचकमल के अटल सभागार में मंत्रियों, विधायकों, जिला अध्यक्षों, जिला प्रभारियों सहित लगभग 200 पार्टी पदाधिकारियों के साथ लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा दिए गए भाषण को बड़ी स्क्रीन पर सुना। इस अवसर पर संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा और प्रदेश महामंत्री सुरेंद्र पूनिया भी अंतिम पंक्ति में बैठकर भाषण सुनते नजर आए। वरिष्ठ नेताओं का अंतिम पंक्ति में बैठना संगठन की मजबूती, विनम्रता और कार्यकर्ता-केंद्रित संस्कृति को दर्शाता है। सभी नेताओं ने अमित शाह के भाषण की सराहना करते हुए इसे जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

कांग्रेस और राहुल गांधी पर मुख्यमंत्री का तीखा हमला

केंद्रीय गृहमंत्री का भाषण सुनने के बाद मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मीडिया से बातचीत में कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश के संवैधानिक ढांचे को बदनाम करने का प्रयास कर रही है और राहुल गांधी लगातार झूठ बोलकर जनता को गुमराह करना चाहते हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने हरियाणा को विशेष रूप से निशाना बनाया है, लेकिन देश की जनता वर्ष 2029 में इसका करारा जवाब देगी।

वोट चोरी के आरोपों को बताया बेबुनियाद

वोट चोरी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि कांग्रेस के ये आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने कई सीटें बेहद कम अंतर से जीती हैं। रोहतक में 1341, लोहारू में 792, आदमपुर में 1268, सढ़ौरा में 1699 और पंचकूला में 1997 वोटों के अंतर से कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि वास्तव में वोट चोरी होती तो कांग्रेस इन सीटों पर भी जीत हासिल नहीं कर पाती।

योजनाबद्ध तरीके से भ्रम फैलाने का आरोप

नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस योजनाबद्ध ढंग से देश को गुमराह करने का काम कर रही है। लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस नेताओं द्वारा संविधान को हाथ में लेकर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान किया गया। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की राजनीतिक जमीन खिसक गई तो वह वोट चोरी का मुद्दा लेकर सामने आ गई। मुख्यमंत्री के अनुसार कांग्रेस ने इस मुद्दे पर कई बार बड़े दावे किए, लेकिन सभी निराधार साबित हुए।

अमित शाह के भाषण को बताया ऐतिहासिक

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस द्वारा बार-बार उठाए जा रहे वोट चोरी के मुद्दे का संसद में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने विस्तार से जवाब दिया है, लेकिन कांग्रेस सुनने को तैयार नहीं है। उन्होंने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को सलाह दी कि वे भी बड़ी स्क्रीन पर अमित शाह का संसद में दिया गया भाषण ध्यान से सुनें। मुख्यमंत्री ने कहा कि अमित शाह ने अपने ऐतिहासिक भाषण के माध्यम से कांग्रेस और इंडी गठबंधन के दुष्प्रचार का प्रभावी जवाब दिया है।

कांग्रेस के घोटालों का किया जिक्र

कांग्रेस पर हमला जारी रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सैनी ने कहा कि कांग्रेस झूठ का वातावरण बनाकर अपनी राजनीति को आगे बढ़ाना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस शासनकाल के कई घोटालों का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 1948 का जीप घोटाला, 1956 का एलआईसी घोटाला, कॉमनवेल्थ घोटाला, वाड्रा-डीएलएफ घोटाला और नेशनल हेराल्ड घोटाला देश की जनता भली-भांति जानती है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने देश को दीमक की तरह खोखला करने का काम किया है।

मोदी सरकार की गरीब-कल्याणकारी योजनाओं की सराहना

एक अन्य प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गरीब और कमजोर वर्ग को सशक्त बनाने के लिए अनेक कदम उठाए हैं, जिसकी समझ राहुल गांधी को नहीं है। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार ने गरीबों को पांच लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज उपलब्ध कराया है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ जल, गैस कनेक्शन और मुफ्त अनाज जैसी सुविधाएं देकर आम व्यक्ति के जीवन स्तर को बेहतर बनाया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button