उत्तर प्रदेशराज्य

सीएम धामी ने आंतरिक सुरक्षा और साइबर अपराध नियंत्रण पर दिया जोर

बस्तर/देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने छत्तीसगढ़ के बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में प्रतिभाग करते हुए विभिन्न अहम मुद्दों पर उत्तराखंड का पक्ष मजबूती से रखा। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की।

बैठक में राज्यों के बीच बेहतर समन्वय, आंतरिक सुरक्षा, आधारभूत ढांचे के विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे विषयों पर व्यापक चर्चा हुई। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्यों के बीच संवाद, सहयोग और समन्वय ही देश के संतुलित और समग्र विकास की कुंजी है।

मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से उत्तराखंड में प्रस्तावित नंदा राजजात यात्रा और वर्ष 2027 में होने वाले कुंभ मेला की तैयारियों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि ये आयोजन देश की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत से जुड़े हैं, जिनके सफल संचालन के लिए केंद्र और राज्यों के बीच मजबूत समन्वय जरूरी है।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इन आयोजनों में देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे, जिसके लिए सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, आधारभूत सुविधाओं और व्यवस्थाओं को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी राज्यों और केंद्र सरकार के सहयोग से ये आयोजन भव्य और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न होंगे।

बैठक में आंतरिक सुरक्षा को लेकर भी मंथन हुआ। मुख्यमंत्री ने सीमावर्ती राज्यों के बीच समन्वय बढ़ाने, साइबर अपराधों पर नियंत्रण, आपदा प्रबंधन को मजबूत करने और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार पर्यटन, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, युवाओं और महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ सुशासन और विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विकसित भारत’ के संकल्प को साकार करने के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ रही है।

बैठक में विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री, मंत्रीगण, वरिष्ठ अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button