उत्तर प्रदेशराज्य

‘पप्पू यादव का सिर कलम करने वाले को 51 लाख!’ संसद में राम मंदिर के नाटक के बाद हिंदू नेता का विवादित ऐलान

लखनऊ में शनिवार को विश्व हिन्दू रक्षा परिषद से जुड़े सनातन रक्षा संगठन के कार्यकर्ताओं ने सांसद पप्पू यादव के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी को लेकर संसद परिसर के बाहर हुए प्रदर्शन के विरोध में कार्यकर्ताओं ने श्रीराम टावर से हजरतगंज तक प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने पप्पू यादव के खिलाफ नारेबाजी की और हजरतगंज पहुंचकर उनका पुतला फूंक दिया। विरोध प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी और अखिलेश यादव के मुखौटे पहनकर कुछ कार्यकर्ताओं ने प्रतीकात्मक रूप से चप्पलें भी बरसाईं।

पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख का इनाम

सनातन रक्षा संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुरोध कुमार राय ने प्रदर्शन के दौरान पप्पू यादव पर तीखा हमला बोलते हुए उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पप्पू यादव का सिर लाने वाले को 51 लाख रुपये देने की घोषणा भी की। वहीं विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष गोपाल राय ने आरोप लगाया कि पप्पू यादव ने संत समाज और भगवा वस्त्र की गरिमा पर सवाल उठाकर करोड़ों सनातनियों की धार्मिक भावनाओं को आहत किया है। इस मौके पर संगठन के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। वक्ताओं ने राहुल गांधी और अखिलेश यादव पर भी निशाना साधते हुए उन्हें सनातन विरोधी बताया और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। संगठन के कुछ नेताओं ने विवादित बयान देते हुए कड़ी चेतावनियां भी दीं।

राम मंदिर चढ़ावे पर शहर-शहर प्रदर्शन

उधर, राम मंदिर चढ़ावे के मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश के कई शहरों में विरोध-प्रदर्शन हुए। वाराणसी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद और निर्दलीय सांसद पप्पू यादव के खिलाफ कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है। यह शिकायत पातालपुरी मठ के पीठाधीश्वर जगद्गुरु बालक दास की ओर से दर्ज कराई गई। अयोध्या के संत राजू दास ने भी इस मामले की आलोचना करते हुए कहा कि साधु का वेश धारण कर राम मंदिर और संत समाज की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है।

सनातन पर सियासत करने का आरोप

वहीं भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और राम मंदिर ट्रस्ट के अनुरोध पर उत्तर प्रदेश सरकार ने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की है। उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी और राजनीतिक लाभ के लिए इस मुद्दे का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। वहीं प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडे ने भी विपक्षी नेताओं पर भगवान राम और सनातन पर राजनीति करने का आरोप लगाया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button