उत्तराखंडराज्य

मतदाता सूची से नाम हटाने पर कांग्रेस का हमला, बड़े आंदोलन की चेतावनी

देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने आरोप लगाया है कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं और उन्हें आपत्ति नोटिस जारी किए जा रहे हैं। उन्होंने इसे चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत से मतदाताओं को उनके संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित करने की साजिश बताया।

द्रोणपुरी, पश्चिम पटेलनगर और श्रीदेवसुमन नगर वार्ड में आयोजित पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठकों को संबोधित करते हुए धस्माना ने कहा कि कांग्रेस ने इस मुद्दे पर संघर्ष की रणनीति तैयार कर ली है और जल्द ही चुनाव आयोग तथा प्रदेश सरकार के खिलाफ बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस का स्पष्ट रुख है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटने दिया जाएगा और न ही किसी अवैध नाम को सूची में शामिल होने दिया जाएगा। उनका आरोप है कि अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़े वर्ग, अल्पसंख्यकों और गरीब बस्तियों के लोगों के नाम बड़े पैमाने पर हटाए गए हैं तथा अब नोटिस भेजकर भी नाम काटने का प्रयास किया जा रहा है।
धस्माना ने कहा कि यदि आवश्यकता पड़ी तो कांग्रेस इस मुद्दे पर सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में चुनाव आयोग की मनमानी नहीं चलने दी जाएगी।बैठक में प्रदेश कांग्रेस श्रम प्रकोष्ठ अध्यक्ष दिनेश कौशल, पार्षद संगीता गुप्ता, प्रमोद कुमार गुप्ता, जसविंदर सिंह मोथी, अल्ताफ हुसैन, गुरदीप सिंह रावत, सोनू काजी, महेंद्र गुप्ता सहित अन्य कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button