उत्तराखंडराज्य

CM धामी ने फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भागीदारी की अपील

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सीएम आवास में तिरंगा लगाकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया. साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने-अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराकर इस जनभागीदारी अभियान को सफल बनाएं. इसके साथ ही भारत सरकार के निर्देश पर भारत विभाजन की दुःखद स्मृतियों और उससे जुड़ी वास्तविकताओं के प्रति आम जनमानस में जागरूकता उत्पन्न करने के लिए प्रदेश भर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

मुख्यमंत्री धामी ने कहा हर घर तिरंगा अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है. तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है. हर नागरिक का कर्तव्य है कि वो राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है. ये अभियान हर नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का जरिया है. उत्तराखण्ड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में सदैव अग्रणी भूमिका निभाई है, इसलिए प्रदेश का हर परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की अपनी गौरवशाली परंपरा को और सशक्त बनाए.

भारत विभाजन की दुःखद स्मृतियों और उससे जुड़ी वास्तविकताओं के प्रति आम जनता को जागरूक करने और विभाजन से प्रभावित लाखों लोगों के संघर्ष एवं बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए 14 अगस्त, 2026 को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस-2026 मनाया जाएगा. इस दौरान राज्य और जिला स्तर पर तमाम कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे. विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारत विभाजन की त्रासदी, उससे प्रभावित लोगों के संघर्ष एवं बलिदान से अवगत कराना है. साथ ही विभाजन पीड़ितों की स्मृतियों को सम्मानपूर्वक संजोए रखना है.

सूचना विभाग के महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मौजूदगी में देहरादून जिले में राज्य स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. कार्यक्रम में मतुआ समुदाय के इतिहास, सांस्कृतिक विरासत एवं योगदान पर निर्मित लघु वृत्तचित्र की आधिकारिक स्क्रीनिंग की जाएगी. साथ ही, विभाजन विभीषिका से संबंधित विशेष प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा.

राज्य के सभी जिलों में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से विभाजन से प्रभावित परिवारों की पीड़ा एवं संघर्ष को प्रदर्शित करने के लिए तैयार की गई डिजिटल प्रदर्शनी को भारत सरकार के पोर्टल से डाउनलोड कर प्रदर्शित किया जाएगा. इसके साथ ही विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं विश्वविद्यालयों में वाद-विवाद, भाषण, क्विज प्रतियोगिता, व्याख्यान एवं परिचर्चा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button