उत्तर प्रदेशराज्य

प्रयागराज मे खान सर की कोचिंग को किया गया सील, लखनऊ अग्निकांड के बाद PDA का एक्शन

प्रयागराज: राजधानी लखनऊ के अलीगंज इलाके में सोमवार को एक कोचिंग संस्थान में हुए दर्दनाक अग्निकांड हादसे के बाद पूरे प्रदेश में ताबड़तोड़ कार्रवाई हो रही है. संगम नगरी प्रयागराज में भी प्रयागराज विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष ऋषि राज के आदेश पर कोचिंग संस्थानों के खिलाफ एक्शन शुरू हो गया है. मानक पूरे न करने पर सिविल लाइंस में स्थित खान सर की खान ग्लोबल क्लासेज कोचिंग को सील कर दिया गया है.‌

सील तोड़ने पर होगी कार्रवाई

जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के नेतृत्व में पीडीए की प्रवर्तन टीम ने खान ग्लोबल क्लासेस को सील करने की कार्रवाई की है. कोचिंग सील करने से पहले छात्रों को बाहर निकाला गया. ‌ऑफिस भी बंद कराया गया, जिसके बाद सीलिंग की कार्रवाई की गई. सीलिंग के बाद कोचिंग के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिया गया है. बगैर अनुमति सील तोड़ने या दोबारा कोचिंग संचालन शुरू करने पर एफआईआर दर्ज करने की चेतावनी दी गई है.

क्यों सील हुआ कोचिंग सेंटर?

जोन संख्या एक के जोनल अधिकारी गंगेश कुमार सिंह के मुताबिक, जिस बिल्डिंग में खान ग्लोबल क्लासेस संचालित हो रहा था, उसका कमर्शियल उपयोग के रूप में नक्शा पास है,‌ जबकि कोचिंग का संचालन कम्युनिटी सर्विस के तहत आता है. सामुदायिक सुविधा भू उपयोग की स्वीकृति ना होने के चलते यह कार्रवाई की गई है. पीडीए की इस कार्रवाई से कोचिंग संचालकों में हड़कंप मच गया है.

पीडीए के जोनल अधिकारी ने कर्नलगंज इलाके में मेजर कल्सी क्लासेज, सिविल लाइंस में सरदार पटेल मार्ग पर स्थित है ध्येय आईएएस और कई अन्य कोचिंग संस्थानों में भी जांच पड़ताल की है. ‌ सभी कोचिंग संस्थानों में मानकों की कमी पाई गई है,‌ जिससे प्रयागराज में भी कोचिंग संस्थानों में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, जिसके चलते अन्य कोचिंग संस्थानों पर भी कार्रवाई की तलवार लटक रही है.

कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान

गौरतलब है कि प्रयागराज में करीब एक माह पहले ही प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने कोचिंग संस्थानों के खिलाफ अभियान शुरू किया था, जिसमें प्रयागराज के तीन बड़े कोचिंग संस्थानों एग्जाम पुर,सुपर क्लाइमैक्स और टारगेट ऑन कोचिंग संस्थानों को सील किया गया था.

प्रयागराज विकास प्राधिकरण के जोनल अधिकारी के मुताबिक, प्रयागराज में करीब 50 कोचिंग संस्थानों को चिन्हित किया गया है. सभी कोचिंग संस्थानों में जांच के बाद कमियां पाए जाने पर कार्रवाई की जाएगी. प्रयागराज विकास प्राधिकरण की ओर से मुख्य रूप से स्वीकृत मानचित्र को देखा जा रहा है।. इसके अलावा लिफ्ट, विद्युत और फायर की एनओसी भी मांगी जा रही है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button