उत्तराखंडराज्य

उत्तराखंड में युवाओं को साधेगी कांग्रेस, 15 सितंबर के बाद राहुल गांधी करेंगे ‘छात्र की गूंज’

देहरादून। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने उत्तराखंड में युवाओं को साधने की रणनीति तैयार की है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 15 सितंबर के बाद प्रदेश के विभिन्न शहरों में ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में शामिल होंगे। नैनीताल और हल्द्वानी समेत अन्य शहरों में प्रस्तावित इन कार्यक्रमों के माध्यम से अधिक से अधिक युवाओं और छात्रों को जोड़ने की तैयारी है।

कार्यक्रम में केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक और परीक्षाएं रद होने के मुद्दे प्रमुखता से उठाए जाएंगे। ‘छात्र की गूंज’ कार्यक्रम में राहुल गांधी के साथ सांसद प्रियंका गांधी, कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल समेत पार्टी के अन्य युवा नेता भी शामिल हो सकते हैं।

इस संबंध में गुरुवार को दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की केसी वेणुगोपाल और कांग्रेस प्रभारी सांसद कुमारी सैलजा के साथ अलग-अलग बैठकें हुईं। बैठकों में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और संगठन को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

विस चुनाव में बेरोजगारी, महंगाई होंगे मुख्य मुद्दे

कांग्रेस प्रभारी कुमारी सैलजा के नेतृत्व में हुई बैठक में तय किया गया कि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को कांग्रेस चुनाव के मुख्य मुद्दों में शामिल करेगी। साथ ही प्रदेश की भाजपा सरकार की कथित नाकामियों को भी जनता के बीच ले जाने की रणनीति बनाई गई है।

केसी वेणुगोपाल ने संगठन की मजबूती पर दिया जोर

कांग्रेस के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन केसी वेणुगोपाल ने चुनाव से पहले संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय करने पर जोर दिया। उन्होंने युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवादल, एनएसयूआई, पूर्व सैनिक विभाग तथा अनुसूचित जाति-जनजाति विभाग को समन्वय के साथ काम करने की नसीहत दी।

बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष डा. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, विधायक काजी निजामुद्दीन, प्रकाश जोशी, प्रदेश सह प्रभारी मनोज यादव व सुरेंद्र शर्मा मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button