उत्तर प्रदेशराज्य

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर आज से शुरू होने जा रही उड़ानें, लखनऊ से आएगी पहली फ्लाइट, जानिए पूरा शेड्यूल

लखनऊ। नोएडा जाने वाले यात्रियाें को अब पहले से कम किराया और समय खर्च करना होगा। सोमवार को लखनऊ से नोएडा के लिए सीधी विमान सेवा की शुरुआत हो जाएगी। इस विमान सेवा के उद्घाटन में नोएडा के 75 उद्योगपति अपने परिवार के साथ पहली यात्रा करेंगे। जबकि नियमित रूप से विमान सेवा एक जुलाई से आरंभ होगी।

नियमित रूप से चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट लखनऊ से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए इंडिगो एयरलाइन का विमान 6ई- 2278 सुबह 7:05 बजे रवाना होगा। यह विमान 8:05 बजे नोएडा पहुंचेगा।

इसी तरह नोएडा से 6ई 2279 शाम 6:55 बजे उड़ान भरकर रात आठ बजे लखनऊ पहुंचेगा। नोएडा दिन में अपना काम निपटाने जाने वाले यात्रियों के लिए यह सेवा बहुत मुफीद रहेगी। नोएडा का किराया लगभग चार हजार रुपये रहेागा। इस नई उड़ान सेवा से व्यापारियों, कारपोरेट पेशेवर, उद्यमियों, विद्यार्थियों व अन्य यात्रियों को सुविधा होगी।

अभी 3500 से चार हजार रुपये का टिकट लेकर यात्री दिल्ली जाते हैं। वहां से टैक्सी व अन्य साधनों से उनको नोएडा आना पड़ता है। इससे जहां करीब दो घंटे का समय अतिरिक्त लगता है, टैक्सी व अन्य साधनों पर उनका खर्च भी बढ़ता है। प्रदेश सरकार ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर 45 इलेक्ट्रिक बसों की भी व्यवस्था की है।

बचेगा समय

अक्सर परिवार से मिलने व जरूरी काम से नोएडा जाना पड़ता है। दिल्ली एयरपोर्ट से अभी इसकी दूरी अधिक है। ऐसे में कई बार मजबूरीवश ट्रेन का विकल्प अपनाना पड़ता है। उसमें भी गाजियाबाद से एक से डेढ़ घंटे लगते हैं। अब सीधे नोएडा पहुंचा जा सकेगा। -प्रदीप तिवारी अधिवक्ता।

मिलेगी राहत

अक्सर मुझे नोएडा जाना होता है। कई बार दिल्ली में जाम के कारण नोएडा पहुंचने में अधिक समय लग जाता है। गाजियाबाद से भी स्थानीय टैक्सी लेकर जाने में जाम रहता है। नोएडा की सीधी विमान सेवा समय तो बचाएगी ही, यह सुविधाजनक भी होगी। -अनीता सिंह समाजसेवी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button