यूजीसी के ‘काले कानून’ के खिलाफ ब्राह्मण समाज का विरोध, SC के फैसले का स्वागत

हरिद्वार: यूजीसी के नए नियमों पर सुप्रीम कोर्ट ने रोक लगा दी रोक लगा दी है. कोर्ट के फैसले के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने हरिद्वार के मालवीय घाट पर मां गंगा की पूजा अर्चना और दुग्धाभिषेक किया. इस दौरान ब्राह्मण समाज के लोगों ने सुप्रीम कोर्ट के फैसले की सराहना की. साथ ही गंगा से सरकार की बुद्धि शुद्धि की कामना भी की. इतना ही नहीं खून से पत्र लिखकर राष्ट्रपति से यूजीसी के नए नियमों पर प्रतिबंध लगाने की मांग की.
इस दौरान निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति गिरी समेत ब्राह्मण समाज के कई लोग मौजूद रहे. सभी ने एकजुट होकर यूजीसी के नए नियमों को काला कानून बताया. सभी ने इसे लागू करने पर कमेटी के सदस्यों के पिंडदान की चेतावनी भी दी है. निरंजनी अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी वेदमूर्ति गिरी ने कहा यूजीसी के विरोध में सवर्ण समाज के नेताओं का एक भी बयान न आना निंदनीय है. सरकार के नेताओं ने तो इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी. सुप्रीम कोर्ट ने इसका संज्ञान लिया. काले कानून पर रोक लगा दी.


