उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के बजट में वाराणसी-संभल को मिला तोहफा, होगा ये खास काम

लखनऊ। सरकार ने मंगलवार को विधानमंडल के सदन में पेश किए गए अनुपूरक बजट में संभल व वाराणसी में नए कलेक्ट्रेट भवनों के निर्माण के लिए 140.65 करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इसके अलावा चकबंदी अधिकारियों के प्रशिक्षण के लिए 11.46 करोड़ रुपये का प्रविधान किया गया है।

साथ ही मंडल, जिला व तहसीलों के अनावासीय भवनों की मरम्मत के लिए 10 करोड़ रुपये व आवासीय भवनों की मरम्मत के लिए आठ करोड़ रुपये का प्रविधान बजट में किया गया है।

नायब तहसीलदार कार्यालयों की स्थापना के लिए 20 करोड़ रुपये और मंडल, जिलों व तहसीलों में राजकीय आवासीय भवनों के नवनिर्माण के लिए 35.50 करोड़ रुपये तथा संभल में आवासीय भवनों के निर्माण को लेकर 49.50 करोड़ रुपये का प्रविधान बजट में किया गया है।

युवा समग्र विकास योजना से युवाओं को मिलेगा नया मंच

युवाओं के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देने के लिए अनुपूरक बजट में युवा समग्र विकास योजना के लिए नई मद के तहत पांच करोड़ रुपये का प्रविधान किया है। इस योजना के जरिये युवाओं को खेल, कौशल विकास, नेतृत्व क्षमता, व्यक्तित्व विकास और सामाजिक जागरूकता से जोड़ने वाली गतिविधियों को गति मिलेगी।

युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत शुरू की जा रही इस योजना से युवाओं के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक, सामाजिक, सांस्कृतिक और व्यावसायिक विकास को एकीकृत रूप से बढ़ावा देना है।

इस धनराशि का उपयोग खेलकूद गतिविधियों के विस्तार, युवाओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विकास, व्यक्तित्व विकास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने वाले कार्यक्रमों के संचालन में किया जाएगा। साथ ही कौशल संवर्धन और सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।

चार निजी विश्वविद्यालयों से जुड़े विधेयक विधान सभा से पास

चार निजी विश्वविद्यालयों से जुड़े विधेयक मंगलवार को विधान सभा से पास हो गए। इनमें उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) विधेयक, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (द्वितीय संशोधन) विधेयक, उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (तृतीय संशोधन) विधेयक व उत्तर प्रदेश निजी विश्वविद्यालय (चतुर्थ संशोधन) विधेयक शामिल हैं।

यह अध्यादेशों के प्रतिस्थानी विधेयक हैं। इसके तहत मेट्रो विश्वविद्यालय ग्रेटर नोएडा, अजय कुमार गर्ग विश्वविद्यालय गाजियाबाद, महर्षि महेश योगी इंटरनेशनल एग्रीकल्चर विश्वविद्यालय बिल्हौर (कानपुर), ठाकुर युगराज सिंह विश्वविद्यालय फतेहपुर संचालित हो रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button