उत्तर प्रदेशक्राइमराज्य

मुरादाबाद में एसी कंप्रेसर फटने से मैकेनिक की दर्दनाक मौत, घर में ही काम करते समय हुआ हादसा

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जनपद से एक बेहद दर्दनाक और चौंकाने वाली घटना सामने आई है. यहा के थाना गलशहीद इलाके के असालतपुरा (इमाम बाड़ा) में अपने ही घर के एयर कंडीशनर (AC) में गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक कंप्रेसर फट गया. धमाका इतना जोरदार था कि इसकी चपेट में आने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया. इस भीषण हादसे के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है.

मृतक की पहचान असालतपुरा निवासी मोहम्मद तौहीद के बड़े बेटे मोहम्मद कैफ के रूप में हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, मोहम्मद कैफ पिछले करीब 6 सालों से एसी मैकेनिक का काम कर रहा था और वह इस काम का काफी हुनरमंद कारीगर माना जाता था. शुक्रवार की देर शाम वह अपने ही घर में लगे एसी की सर्विस और उसमें गैस भरने का काम कर रहा था.

गैस रिफिलिंग के दौरान अचानक तकनीकी खराबी या अत्यधिक दबाव के चलते एसी का कंप्रेसर बम की तरह फट गया. ब्लास्ट इतना भयानक था कि कैफ को संभलने का एक पल भी मौका नहीं मिला. धमाके की गूंज सुनकर आसपास के पड़ोसी और परिजन तुरंत मौके की तरफ दौड़े, जहां कैफ खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था. परिजन आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां डॉक्टरों ने जांच के दो-तीन मिनट के भीतर ही उसे मृत घोषित कर दिया.

बिना पोस्टमार्टम के किया अंतिम संस्कार

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है. हंसते-खेलते परिवार का चिराग अचानक बुझने से हर कोई सदमे में है. कैफ के पिता मोहम्मद तौहीद और चाचा मोहम्मद तौसीफ ने बताया कि वह एक अनुभवी कारीगर था, लेकिन कल शाम किस्मत को कुछ और ही मंजूर था. डॉक्टरों द्वारा मृत घोषित किए जाने के बाद, परिजन पुलिसिया कार्रवाई और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया से बचना चाहते थे. इसलिए वे लिखित जिम्मेदारी पर शव को वापस घर ले आए और शनिवार सुबह गमगीन माहौल में सुपुर्द-ए-खाक (अंतिम संस्कार) कर दिया गया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button