उत्तर प्रदेशराज्य

यूपी के इन दो खेल पुरस्कारों में अब मिलेंगे 10-10 लाख, खिलाड़ियों के बीच सीएम योगी का ऐलान

लखनऊ। प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए मंगलवार का दिन बड़ी सौगात लेकर आया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घोषणा की कि अगले वर्ष से लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार की राशि बढ़ाकर 10-10 लाख रुपये कर दी जाएगी। अभी यह राशि 3.11 लाख रुपये है। उन्होंने खेल विभाग को इस संबंध में प्रस्ताव जल्द भेजने के निर्देश भी दिए।

लोकभवन में मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले छह खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों के नियुक्ति पत्र दिए। नौ खिलाड़ियों को लक्ष्मण और रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार से सम्मानित किया। इसके अलावा नौ खिलाड़ियों को प्रोत्साहन राशि और 19 खिलाड़ियों के खाते में एकलव्य कोष से आर्थिक सहायता भी दी।

सरकार ने खेल बजट में की बढ़ोत्तरी

मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जितनी मेहनत और पसीना बहाया जाएगा, जीत उतनी ही करीब होगी। खेल की सुविधाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने खेल बजट में कई गुणा बढ़ोतरी की है और पिछले नौ वर्षों में खिलाड़ियों को 200 करोड़ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई है।

उन्होंने कहा कि हर गांव में खेल का माहौल तैयार किया जा रहा है। हर विकास खंड में मिनी स्टेडियम और हर मंडल में स्पोर्ट्स कालेज बनाए जा रहे हैं। सांसद और विधायक निधि से भी खेल सुविधाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है। मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय का निर्माण पूरा हो चुका है और मई-जून में इसका लोकार्पण किया जाएगा।

सरकारी पदों पर नियुक्त हैं 500 से अधिक खिलाड़ियों

ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने पर छह करोड़, रजत पर चार करोड़ और कांस्य पर दो करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। अब तक 500 से अधिक खिलाड़ियों को सरकारी सेवाओं में नियुक्ति दी जा चुकी है।

कार्यक्रम में क्रिकेटर रिंकू सिंह भी इसी वजह से नियुक्ति पत्र लेने नहीं आ पाए। इस दौरान खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद सदस्य महेंद्र सिंह, अवनीश सिंह, लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक राजेश्वर सिंह, जय देवी सहित अन्य उपस्थित रहे।

प्रवीण कुमार व राजकुमार पाल बने डिप्टी एसपी

पैरा एथलीट प्रवीण कुमार और पेरिस ओलंपिक में हाकी में पदक जीतने वाले राजकुमार पाल को पुलिस उप अधीक्षक (डिप्टी एसपी) के पद पर नियुक्ति पत्र मिला। पैरा एथलीट अजीत सिंह और सिमरन को जिला पंचायत राज अधिकारी व प्रीति पाल को खंड विकास अधिकारी (बीडीओ) के पद पर नियुक्ति पत्र मिला।

इसके साथ ही लक्ष्मण पुरस्कार गाजीपुर के हाकी खिलाड़ी उत्तम सिंह, प्रयागराज के जिम्नास्ट अभिजीत कुमार, गौतमबुद्धनगर के कुश्ती खिलाड़ी जोन्टी कुमार, आगरा के पैरा कैनोइंग खिलाड़ी यश कुमार, गौतमबुद्धनगर के पैरा एथलेटिक्स खिलाड़ी प्रवीण कुमार को मिला।

रानी लक्ष्मीबाई पुरस्कार पाने वाली खिलाड़ी- सहारनपुर की एथलीट प्राची, बागपत की एथलीट तान्या चौधरी, गौतमबुद्धनगर की शतरंज खिलाड़ी वंतिका अग्रवाल, लखनऊ की पैरा टेबल टेनिस खिलाड़ी प्रगति केसरवानी को मिला।

अन्य खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान

गोरखपुर के पैरा पावरलिफ्टिंग खिलाड़ी विनय को 40 लाख रुपये, मेरठ के वुशू व शूटिंग खिलाड़ी विक्रांत बालियान को 15 लाख रुपये, बागपत के शूटर सागर दांगी को 15 लाख रुपये, गोरखपुर के पर्वतारोही लेफ्टिनेंट कर्नल भानू पाठक को 15 लाख रुपये, गाजियाबाद के पर्वतारोही दीपक कुमार को 15 लाख रुपये, लखनऊ की साफ्ट टेनिस खिलाड़ी तनुश्री पांडेय को 14 लाख रुपये, लखनऊ के साफ्ट टेनिस खिलाड़ी ओम यादव को 12 लाख रुपये, गाजीपुर के हाकी खिलाड़ी राजकुमार पाल को 10 लाख रुपये व आगरा के पैरा कैनोइंग खिलाड़ी यश कुमार को 10 लाख रुपये मिले।

नेपाल की ओर गिल्ली फेंकने से नहीं बनते खिलाड़ी

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके प्रमुख सचिव खुद को खिलाड़ी बताते हैं। जब उनसे पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वे नेपाल के पास गिल्ली-डंडा खेलते थे। इस पर मुख्यमंत्री ने हंसते हुए कहा कि सिर्फ नेपाल की ओर गिल्ली फेंकने से कोई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी नहीं बन जाता।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button