CM Yogi Adityanath: अयोध्या में ध्वजारोहण से पूर्व पहुंचे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

भव्य, दिव्य और नव्य स्वरूप में सजी अयोध्या श्रीराम मंदिर में होने वाले ध्वजारोहण समारोह से एक दिन पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ(CM Yogi Adityanath) सोमवार को ही अयोध्या पहुंच गए. आगंतुकों के स्वागत तथा कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को परखने के उद्देश्य से उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने रामलला तथा हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की जनता की मंगलकामनाएं कीं।
विस्तृत तैयारी का निरीक्षण: एयरपोर्ट से हेलीपैड तक
मुख्यमंत्री योगी (CM Yogi Adityanath) ने अपनी यात्रा की शुरुआत वाल्मीकि इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निरीक्षण से की, जहां उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। इसके पश्चात वे साकेत डिग्री कॉलेज स्थित हेलीपैड पहुंचे और वहां की व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। तत्पश्चात वे हनुमानगढ़ी पहुंचे और संकटमोचन हनुमानजी के चरणों में शीश नवाया।
प्रधानमंत्री के आगमन से पहले सुरक्षा व्यवस्था सख्त
श्रीराम मंदिर में आयोजित होने वाले धर्म ध्वज स्थापना समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति को देखते हुए अयोध्या में सुरक्षा व्यवस्था व्यापक रूप से सुदृढ़ की गई है। मुख्यमंत्री योगी(CM Yogi Adityanath) के निर्देशानुसार कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखने हेतु भारी पुलिस बल व विशेष इकाइयों की तैनाती की गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से लेकर निरीक्षकों तक की बड़ी टीम रणनीतिक नेतृत्व और निगरानी के लिए मुस्तैद है।
अभूतपूर्व सुरक्षा बल की तैनाती
सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद बनाने के लिए 30 पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारी, 90 पुलिस उपाधीक्षक, 242 उपनिरीक्षक, 1060 पुरुष निरीक्षक, 80 महिला उपनिरीक्षक, 3090 पुरुष हेड कांस्टेबल और 448 महिला हेड कांस्टेबल की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त, यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए 800 से अधिक कर्मी भी अपनी ड्यूटी पर रहेंगे।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सुरक्षा इकाइयाँ सक्रिय
भीड़ नियंत्रण, तलाशी, जांच और आपात प्रतिक्रिया जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों को निभाने हेतु विशेष सुरक्षा इकाइयों को संवेदनशील बिंदुओं पर तैनात किया गया है। इनमें बम निरोधक दस्ता, श्वान दस्ता, वीवीआईपी सुरक्षा निरीक्षण दल, यातायात प्रबंधन इकाई, अग्निशमन इकाई और विशेष प्रतिक्रिया बल शामिल हैं। साथ ही एक्स-रे मशीनें, सीसीटीवी, विशेष सुरक्षा वैन, गश्ती इकाइयाँ और एंबुलेंस भी पूरे क्षेत्र में सक्रिय रूप से तैनात हैं। स्थानीय पुलिस के साथ एटीएस कमांडो, एनएसजी स्नाइपर यूनिट और एंटी-ड्रोन स्क्वॉड भी सुरक्षा को अभेद्य बनाने में जुटे हैं।