उत्तर प्रदेशराज्य

‘मेरी मां के साथ…’, कानपुर कोर्ट की बिल्डिंग से वकील ने लगाई छलांग, सुसाइड नोट में लिखी कहानी

पापा आपको जीत मुबारक.. मै हार गया, लिखकर युवा वकील ने कोर्ट की पांचवीं मंजिल से छलांग लगा कर जान दे दी। गुरुवार दोपहर अधिवक्ता की खुदकुशी से इलाके में सनसनी फैल गई। जिला जज भी घटना की सूचना पाकर अन्य न्यायिक अधिकारियों संग मौके पर पहुंचे। पुलिस वकील को अस्पताल लेकर पहुंची जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या से 15 मिनट पहले अधिवक्ता ने फेसबुक के स्टेटस पर दो पेज का सुसाइड नोट पोस्ट किया था। जिसके बाद उसे पिता ने डांटा भी लेकिन जान नहीं बचा सके। सुसाइड नोट में अधिवक्ता ने पिता बेइज्जत करने का आरोप लगाया है।

कोर्ट की 5वीं मंजिल से कूदकर वकील ने दी जान

बर्रा आठ वरुण विहार निवासी अधिवक्ता राजेंद्र कुमार श्रीवास्तव का 23 वर्षीय बेटा प्रियांशु श्रीवास्तव कचहरी में पिता के साथ वकालत करता था। बीते वर्ष उसने डीसी लॉ कॉलेज से कानून की डिग्री ली थी। गुरुवार दोपहर प्रियांशु न्यायालय भवन की पांचवीं मंजिल पर पहुंचा। भवन के पीछे की ओर खिड़कियां बनी हैं जिनके चारों ओर जाली लगी है। यहां एक हिस्से पर जाली नहीं है। प्रियांशु यहीं जाकर ऊपर बैठ गया। करीब 10 मिनट तक बैठे रहने के बाद वह पीछे की ओर कूद गया। उसके नीचे गिरते ही वहां हड़कंप मच गया। पांचवीं मंजिल पर जहां घटना हुई वहां अधिवक्ता और वादकारी भी मौजूद थे। तेज धमाके के साथ आवाज हुई तो वकील नीचे की ओर भागे।

सुसाइड नोट में बेइज्जत और पीटने का आरोप

प्रियांशु जहां गिरा, वहां कोई आता जाता नहीं है। जाने का मार्ग भी बंद रहता है। बार और लॉयर्स के पदाधिकारी मौके पर पहुंचे और चैनल खुलवाकर नीचे पहुंचे। कुछ देर बाद जिला जज अनमोल पाल भी न्यायिक अधिकारियों संग घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस और फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल पर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया। पुलिस के मुताबिक सुसाइड नोट में उसने पिता पर बचपन में निर्वस्त्र कर घर से भगाने, बात-बात पर पीटने, बड़े होने के बाद भी बार-बार बेइज्जत करने, पीटने के आरोप लगाए हैं।

बेटे ने पिता पर लगाए कई गंभीर आरोप, सुसाइड की जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि अधिवक्ता ने सुसाइड किया है। दो पेज का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें पिता पर कई तरह के आरोप लगाए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। आत्महत्या के कारण की जांच की जा रही है। पिता जो तहरीर देंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button