उत्तर प्रदेशराज्य

CM योगी आदित्यनाथ करेंगे 223 मेधावी छात्रों का सम्मान, प्रदेशभर में 1682 विद्यार्थियों को मिलेगा पुरस्कार

लखनऊ। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 223 मेधावी छात्र-छात्राओं को सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सम्मानित करेंगे। लोक भवन में आयोजित होने वाले राज्य स्तरीय समारोह में प्रत्येक मेधावी को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, टैबलेट, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित कार्यक्रम सुबह 11 बजे शुरू होगा। इसका सीधा प्रसारण प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों पर किया जाएगा। समारोह में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के साथ उनके एक-एक अभिभावक भी मौजूद रहेंगे। सभी छात्र-छात्राएं स्कूल यूनिफार्म में कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को किया जाएगा सम्मानित

सम्मान समारोह में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड), उत्तर प्रदेश संस्कृत शिक्षा परिषद, सीबीएसई और सीआइएससीई (काउंसिल फार द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) बोर्ड के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा।

इनमें यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षाओं में शीर्ष 10 स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राएं भी शामिल हैं। राज्य स्तर पर यूपी बोर्ड हाईस्कूल परीक्षा के 115 और इंटरमीडिएट के 23 मेधावी सम्मानित किए जाएंगे।

वहीं संस्कृत शिक्षा परिषद के हाईस्कूल के 11 व इंटरमीडिएट के 10 छात्र-छात्राओं को सम्मान मिलेगा। सीआइएससीई बोर्ड के हाईस्कूल के 22 और इंटरमीडिएट के 21 मेधावी व सीबीएसई के हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 18 विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

जिले लेवल पर भी आयोजित होंगे समारोह

इसके अलावा प्रदेश भर में जिला स्तर पर भी सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इन कार्यक्रमों में 1459 जिला स्तरीय मेधावियों को सम्मानित किया जाएगा। जिला स्तर के समारोहों में मंत्री और जनप्रतिनिधि विद्यार्थियों को 21 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि, मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान करेंगे।

राज्य स्तरीय सम्मान पाने वाले 223 मेधावी विद्यार्थियों में 85 छात्र और 138 छात्राएं शामिल हैं। कार्यक्रम में प्रत्येक विद्यार्थी के साथ आए एक अभिभावक को भी शाल देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 11 विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को सम्मानित किया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button