उत्तर प्रदेशराज्य

ग्रेटर नोएडा: शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग, लाखों का सामान जलकर खाक

ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बिसरख थाना क्षेत्र इलाके के शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में शुक्रवार देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अचानक एक फर्नीचर की दुकान में भीषण आग लग गई. शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग सबसे पहले एक दुकान में लगी थी, जिसके बाद आग तेजी से फैली और आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लिया. करीब एक घंटे की मेहनत और 30 फायर बिग्रेड की गाड़ियां की मदद से आग पर काबू पा लिया है.

जानकारी के अनुसार, शुरुआत में लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लकड़ी, फोम और अन्य ज्वलनशील सामान अधिक होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई. कुछ ही मिनट में आग ने विकराल रूप ले लिया और आसपास की कई दुकानों को अपनी चपेट में लेना शुरू कर दिया. देखते ही देखते मार्केट से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और काले धुएं का गुब्बार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा. आग की सूचना फैलते ही पूरे इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई.

यातायात हो गया था प्रभावित

कुछ दुकानदार अपनी दुकान से सामान बचाने के लिए इधर-उधर भागते हुए नजर आए तो कई लोग फर्नीचर मशीन और जरूरी दस्तावेज बाहर निकलने में जुट गए. वहीं, आसपास के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए, जिससे सड़क पर भारी भीड़ लग गई. मार्केट के बाहर वाहनों की लंबी कतारे लग गईं और कुछ देर के लिए यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया. लोगों में डर का माहौल था कि कहीं आग और ज्यादा दुकानों तक न फैल जाए.

आग पर पाया गया काबू

घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना की पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई. दमकल विभाग 30 से ज्यादा गाड़ियों ने एक घंटे की मेहनत के बाद आग पर काबू पा लिया है. 7 दुकानें आग की चपेट में आने से जलकर खाक हो गई है. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई भी जनहानि की सूचना नहीं है. हालांकि, लाखों का माल जलकर खाक हो गया है. मार्केट की दुकानों में बड़ी मात्रा में लकड़ी, फोम, प्लाईवुड और अन्य ज्वलनशील सामान होने के कारण पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था.

शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में भीषण आग

शाहबेरी फर्नीचर मार्केट (ग्रेटर नोएडा वेस्ट) क्षेत्र का एक स्थानीय व्यापारिक मार्केट है, जो मुख्य रूप से फर्नीचर और घरेलू सजावट से जुड़े सामान के लिए जाना जाता है. यह मार्केट ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी इलाके में स्थित है, जो नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच तेजी से विकसित हो रहा रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्र है. यहां आसपास बड़ी संख्या में रिहायशी सोसायटियां और छोटे-बड़े कारोबारी प्रतिष्ठान मौजूद हैं.

शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में आमतौर पर लकड़ी और स्टील का फर्नीचर (बेड, सोफा, अलमारी आदि) मिलते हैं. इसके साथ ही ऑफिस फर्नीचर, होम डेकोर आइटम्स और कस्टम मेड फर्नीचर भी मिलते हैं. यहां सस्ते और मिड-रेंज फर्नीचर के अच्छे विकल्प मौजूद रहते हैं. इसलिए भारी संख्या में ग्राहक यहां खरीदारी के लिए आते हैं. शाहबेरी फर्नीचर मार्केट नोएडा और ग्रेटर नोएडा के ग्राहकों के लिए नजदीकी मार्केट है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button