उत्तर प्रदेशराज्य

परिजनों को देखते ही इश्क फरमा रही युवती मुकरी, गुस्साए प्रेमी ने चुनरी से प्रेमिका को मार डाला

थानाभवन (शामली)।  प्रेमिका के बुलाने पर उसके घर मिलने पहुंचे गांव निवासी प्रेमी को युवती के स्वजन ने देख लिया। पहले युवती प्रेमी के पक्ष में रही, लेकिन स्वजन की डांट के बाद वह बदल गई और युवक के खिलाफ बयान देने की बात कही।

युवती के स्वजन ने बाहर से गेट बंद कर युवक को फंसाने की बात कही और पुलिस को बुला लिया। इस बीच प्रेमी नाराज हो गया और उसने स्वजन के सामने ही युवती की गला दबाकर हत्या कर दी। पूरे घटनाक्रम का सीढ़ी लगाकर छत पर चढ़े युवती के छोटे भाई ने वीडियो बना लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

हत्याकांड में शामिल दूसरे आरोपित की तलाश की जा रही है। वहीं, युवती की मां ने दो साल पहले आरोपित के भाई समेत अन्य लोगों के खिलाफ युवती से दुष्कर्म करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में मुकदमा कराया था। हालांकि वह बाद में खारिज हो गया था।

थानाभवन क्षेत्र के गांव निवासी युवती का गांव निवासी अली मोहम्मद के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। पुलिस के अनुसार वह दो दिन से प्रेमी को अपने घर बुला रही थी। शुक्रवार को उसके स्वजन गांव में ही दूसरों के यहां खेतों में धान की रोपाई करने के लिए गए थे।

इस दौरान वह घर में अकेली थी। सुबह करीब साढ़े 10 बजे प्रेमी अली मोहम्मद घर पहुंच गया था। इस बीच युवती के स्वजन अचानक घर आ गए। स्वजन के सामने युवती ने कहा कि उसने ही युवक को बुलाया था।

स्वजन की डांट के बाद युवती ने कहा कि वह युवक के खिलाफ बयान देगी। इसके बाद युवती की मां और अन्य स्वजन ने युवक-युवती को घर में बंद कर बाहर से गेट लगा दिया और पुलिस को सूचना दे दी। खुद को फंसता देख और युवती के बयान बदलने के बाद युवक ने युवती की चुन्नी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।

पूरी घटना का वीडियो सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े युवती के छोटे भाई ने बना लिया। सूचना पर डायल-112 मौके पर पहुंची और आरोपित को हिरासत में ले लिया। इस बीच आरोपित ने अपने बचाव में साथी को बुलाया था, लेकिन वह मौका पाकर फरार हो गया।

एसपी एनपी सिंह, एएसपी सुमित शुक्ला समेत थाना पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ने बताया कि युवक अली मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना में प्रयोग की गई युवती की चुन्नी को भी बरामद किया है।

साल 2024 में मृतका की मां ने हत्यारोपित के बड़े भाई समेत चार युवकों के खिलाफ युवती से दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कराया था, जो बाद में खारिज हो गया था। युवती पक्ष के अधिवक्ता की ओर से उस प्रकरण में उच्च न्यायालय में अपील की गई है। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन भी कब्जे में लिया है। पुलिस का कहना है कि इससे पता चला कि युवती ने ही युवक को फोन कर अपने घर बुलाया था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button